दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने केंद्रीय एजेंसियों और विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ मिलकर एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह संयुक्त अभियान दिल्ली, मुंबई, झारखंड समेत पांच राज्यों में एक साथ चलाया गया, जिसमें अब तक कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कम से कम पांच संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी की पुष्टि हुई है, जबकि आठ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। दिल्ली और मुंबई से गिरफ्तारियां दिल्ली से आफताब और सूफियान नामक दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों मूल रूप से मुंबई के रहने वाले बताए जा रहे हैं। स्पेशल सेल की टीम ने मुंबई में भी उनके ठिकानों पर छापेमारी की, जहां से कई अहम दस्तावेज, मोबाइल फोन और संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। पुलिस को इनके पास से आईईडी (IED) बनाने का सामान और कुछ हथियार भी मिले हैं। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि दोनों संदिग्ध किसी बड़े आतंकी साजिश की तैयारी में थे। रांची से अशर दानिश गिरफ्तार झारखंड की राजधानी रांची से बोकारो निवासी अशर दानिश को गिरफ्तार किया गया है। दानिश लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था और दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ द्वारा दर्ज एक मामले में वांछित भी था। दानिश के ठिकाने से पुलिस को केमिकल और आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद हुआ है। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और संदिग्ध दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि दानिश इस्लामिक स्टेट (ISIS) से प्रेरित नेटवर्क के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा था। संयुक्त अभियान में मिली सफलता आपको बता दें, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, झारखंड एटीएस और रांची पुलिस ने मिलकर यह कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के दौरान देशभर में समन्वयित तरीके से एक साथ छापेमारी की गई। इसी दौरान दिल्ली से आफताब और झारखंड से अशर दानिश को पकड़ा गया। सूत्रों के अनुसार, इन गिरफ्तारियों के अलावा अन्य कई लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ISIS नेटवर्क से जुड़े तार शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपियों के संबंध इस्लामिक स्टेट से प्रेरित नेटवर्क के अन्य सदस्यों से थे। ये लोग भारत में आतंकी संगठन के एजेंडे को आगे बढ़ाने वाली गतिविधियों में शामिल थे। पुलिस को शक है कि ये आतंकी किसी बड़े हमले की साजिश रच रहे थे। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इनकी फंडिंग कहां से हो रही थी और नेटवर्क में कितने लोग सक्रिय हैं। सुरक्षा एजेंसियों की चौकसी बढ़ी इस खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी कर दिया है। दिल्ली, मुंबई और झारखंड सहित कई राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एजेंसियां साइबर ट्रैकिंग और कॉल डिटेल्स के जरिए नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं। बहरहाल, दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि आतंकी संगठन भारत में सक्रिय होकर किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और समन्वित अभियान के कारण इस साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया। अब जांच एजेंसियों की पूरी कोशिश है कि इस नेटवर्क के हर सदस्य तक पहुंच बनाई जाए और देश में किसी भी आतंकी घटना को रोका जा सके। Comments (0) Post Comment
बिहार चुनाव 2025: महिलाओं की भूमिका, नीतीश, कांग्रेस और जन सुराज की योजनाओं का तुलनात्मक विश्लेषण Sep 26, 2025 Read More